जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर से बुधवार को CM भगवंत मान शुकराना यात्रा शुरू करेंगे। सीएम के शाम 4 बजे के करीब पहुंचने की चर्चा है। पार्टी की तरफ से अभी ऑफिशियल जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि सीएम के विजेट को लेकर जालंधर ग्रामीण पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है।
इस यात्रा के दौरान सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करने और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस बैठक में वनीत आहलावत, एसपी मुकेश कुमार , एसपी पीबीआई मनजीत कौर सहित जिले के सभी डीएसपी, एसएचओ और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना रहा। एसएसपी विर्क ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए निर्देश दिए कि यात्रा के पूरे रूट पर 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
एसएसपी विर्क ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा के मद्देनजर रूट की एंटी-सबोटाज चेकिंग और मजबूत बैरिकेडिंग की जाएगी। निगरानी को सख्त बनाने के लिए हाई-टेक चेक प्वाइंट्स स्थापित किए गए हैं और समाज विरोधी तत्वों पर लगाम कसने के लिए दोपहिया वाहनों की विशेष चेकिंग मुहिम चलाने के आदेश दिए गए हैं।
एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल हमेशा तैयार रहे।
ट्रैफिक पुलिस को यात्रा सुचारु रखने के निर्देश
सुरक्षा के साथ-साथ आम जनता की सुविधा का ध्यान रखते हुए ट्रैफिक पुलिस को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा के दौरान यातायात बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से चलता रहे। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटने की बात भी कही गई है।
एसएसपी जालंधर ग्रामीण ने दोहराया कि जिला पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है और “शुकराना यात्रा” के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए हर संभव प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखने को कहा गया है।

