जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर में एक युवती से कार में हुए गैंगरेप के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना 8 की पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोइंदवाल साहिब निवासी जगजीत सिंह उर्फ जग्गा, बलदेव नगर निवासी करण मेहरा और उपकार नगर निवासी अर्जुन के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी साहिल चौधरी ने बताया कि 28 अप्रैल को सिविल अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली थी। जानकारी के अनुसार, कुछ युवकों ने एक लड़की को कार में जबरन बिठाकर उसका अपहरण किया और उसके साथ रेप किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सिविल अस्पताल पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज किए।
पुलिस को दिए बयान में पीड़िता ने जग्गा नामक व्यक्ति सहित 5 से 6 युवकों पर रेप का आरोप लगाया। पीड़िता के अनुसार, जगजीत अपने साथियों के साथ उसे जबरन कार में बैठाकर ले गया, जहां कार में मौजूद सभी आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से रेप किया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जग्गा का असली नाम जगजीत सिंह निवासी गोइंदवाल साहिब है।
इसके बाद पुलिस ने जगजीत को गिरफ्तार किया। साथ ही करण मेहरा निवासी बलदेव नगर और अर्जुन निवासी उपकार नगर को भी पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, इन दोनों ने भी जगजीत के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

