जालंधर (दीपक पंडित) पंजाब की राजनीति में आज एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा औपचारिक रूप से आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए। पटियाला में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
रखड़ा ने मंच से साफ किया कि पंजाब सरकार द्वारा बेअदबी के मामलों पर लाया गया सख्त कानून और राज्य में नहरों के जरिए पानी पहुंचाने की ऐतिहासिक मुहिम ही उनके ‘आप’ में शामिल होने की मुख्य वजह बनी है। वह आगामी चुनाव में समाना निर्वाचन क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में अपनी राजनीतिक पारी की नई शुरुआत करेंगे।
मंच संभालते ही पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा ने प्रेस और मीडिया के उन सवालों का खुलकर जवाब दिया, जो पिछले कुछ दिनों से उनकी राजनीतिक दिशा को लेकर पूछे जा रहे थे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनका आम आदमी पार्टी में आने का फैसला पूरी तरह से पंजाब के हितों और सिखों की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा हुआ है।

