जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर की थाना 6 पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत मोता सिंह मार्केट के ‘3G HUT’ पर छापेमारी की है। पुलिस ने बिना लाइसेंस और बिना अनुमति के भारी मात्रा में प्रतिबंधित हुक्का और तंबाकू फ्लेवर्स बरामद किए हैं। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दुकान का मालिक फिलहाल फरार है जिसकी तलाश जारी है।
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए थाना 6 की प्रभारी रजवंत कौर ने बताया कि उनकी टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, मोता सिंह मार्केट में एक दुकानदार बिना किसी कानूनी लाइसेंस के अपनी दुकान में धड़ल्ले से तंबाकू के प्रतिबंधित फ्लेवर बेच रहा है। इस इनपुट के आधार पर थाना प्रभारी ने तुरंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर रेड कर दी।
दुकान पर जांच-पड़ताल करने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान सीता राम चौधरी (पुत्र राम कुमार चौधरी) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव विस्सा, मिर्जापुर का रहने वाला है और वर्तमान में जालंधर के खुरला किंगरा इलाके में रह रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से अलग-अलग ब्रांड्स के हुक्का फ्लेवर जब्त किए हैं।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी सीता राम चौधरी के खिलाफ थाना 6 में एफआईआर संख्या 142 (दिनांक 18.05.2026) दर्ज कर ली है। यह मामला सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) 2003 की धारा 4-A और 21-A के तहत दर्ज किया गया है। वहीं, दुकान के मुख्य मालिक विनेश बख्शी (पुत्र विजय बख्शी) की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

