चंडीगढ़/संगरूर (द पंजाब प्लस) पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने आज अपने पैतृक गांव सतौज से राज्य में अंडरग्राउंड बिजली परियोजना की औपचारिक शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने इसे पंजाब के लिए एक ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट के लागू होने से लोगों को बिजली के खंभों और लटकती तारों की समस्या से राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंडरग्राउंड बिजली आपूर्ति व्यवस्था लागू होने के बाद पंजाब देश का पहला राज्य बन जाएगा, जहां बड़े स्तर पर बिजली सप्लाई भूमिगत नेटवर्क के जरिए दी जाएगी। इससे न केवल बिजली व्यवस्था अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित होगी, बल्कि मौसम संबंधी बाधाओं के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना भी कम होगी।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य में विकास कार्यों और आधुनिक सुविधाओं को मजबूत करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस महत्वपूर्ण परियोजना की शुरुआत के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद भी किया।

