जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर के बस्ती एरिया की शेर सिंह कॉलोनी में किराए पर रहने वाले परिवार के व्यक्ति की बाथरूम से डेडबॉडी मिली। बदबू आने पर लोगों ने बस्ती बावा खेल पुलिस को सूचित किया। गुरुवार रात को जब पुलिस ने मकान का बाथरूम खोला तो अंदर शव गाड़ी के मैट में लिपटा पाया। लोगों ने बताया कि व्यक्ति के साथ उसका परिवार भी रह रहा था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से उसकी पत्नी और बच्चे नजर नहीं आ रहे हैं। थाना बस्ती बावा खेल के प्रभारी जय इंद्र सिंह ने बताया कि अभी शव को पहचान के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। मकान मालिक और किराएदार रखवाने वाले प्रॉपर्टी डीलर को भी बुलाया है। किराएदार पहली नजर में प्रवासी लग रहा है। थाने से वेरिफिकेशन करवाए बिना किराएदार रखा गया था। जांच में सभी पहलुओं को शामिल किया जाएगा। पुलिस के अनुसार शव क्षत-विक्षत होने के कारण मरने वाले की पहचान नहीं हो पा रही है। बस्ती बावा खेल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मकान मालिक के बयानों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मकान मालिक हिमाचल के रहने वाले हैं। उनके लौटने पर परिवार की वेरिफिकेशन होगी।
शेर सिंह कॉलोनी निवासी हरप्रीत ने बताया कि उनके 2 मंजिला घर में 2 किराएदार रहते थे। वह नीचे के हिस्से में रहते हैं, जबकि ऊपर के हिस्से में प्रवासी किराएदार रहते थे। हरप्रीत के अनुसार, ऊपर का कमरा पिछले 3 दिनों से बंद था। बीती रात उन्हें घर से दुर्गंध आने लगी। उन्होंने पूरे घर को फिनाइल से धोया, लेकिन दुर्गंध दूर नहीं हुई। दुर्गंध लगातार आने पर उन्हें शक हुआ और उन्होंने संबंधित थाने को सूचना दी।
थाना बस्ती बावा खेल के प्रभावी जय इंद्र ने बताया कि पुलिस पार्टी ने कमरे का ताला तोड़ा। बाथरूम के अंदर गाड़ी के मैंट में लिपटा हुआ शव बरामद हुआ। मौके पर मकान में रह रहे हरप्रीत ने बताया कि शव बुरी तरह से गल चुका था।
ACP आतिश भाटिया ने बताया कि उन्हें शेर सिंह कॉलोनी के एक घर में किराए पर रहने वाले परिवार के बारे में सूचना मिली थी। परिवार 3-4 दिन से ताला लगाकर गया हुआ था और घर से बदबू आ रही थी। सूचना मिलने पर लेदर कॉम्प्लेक्स और बस्ती बावा खेल के थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। कमरा खोलने पर शव बरामद हुआ।एसीपी भाटिया ने बताया कि शव पुराना था और उसकी हालत काफी खराब थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। जांच में सामने आया है कि मकान मालिक हिमाचल के रहने वाले हैं। उन्हें फोन पर सूचित कर दिया गया है। उनके आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि उन्होंने किसे मकान किराए पर दिया था।

