जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर के न्यू दशमेश नगर में हुए डबल मर्डर की जिम्मेदारी गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल ने ली है। उसने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए दावा किया कि सौरभ और सिमरनजीत उर्फ पप्पू की हत्या की जिम्मेदारी वह और उसका गिरोह लेते हैं।
पोस्ट में लिखा गया है कि दोनों ने जेल में उनके साथी सुखमन बराड़ को नुकसान पहुंचाया था और यह उसी का परिणाम है। साथ ही पोस्ट में यह भी कहा गया कि पप्पू पहले उनका साथी था। गैंगस्टर ने सौरभ के साथियों को भी धमकी देते हुए लिखा कि जो लोग उसके साथ जेल में हैं या बाहर हैं, अब उनकी बारी है। पोस्ट के अंत में “जोगा फोलड़ीवाल” और “खत्री ग्रुप नवांशहर” का नाम लिखा गया है।

केस ने अब नया मोड़ ले लिया है। विदेश में बैठे गैंगस्टर जोगा फोल्ड़ीवाल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी में पोस्ट डालकर दावा किया कि सौरभ की हत्या उसके इशारे पर की गई है। इसके लिए सुपारी किलर को 15 राउंड गोली और एक पिस्टल दिया गया था। इस मामले में 2 युवकों की गिरफ्तारी और असलहा रिकवर करने की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है।
बता दें कि, जालंधर के बस्ती एरिया के न्यू दशमेश नगर में बीते शुक्रवार गोलीबारी में सिमरनजीत सिंह और सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सिमरनजीत की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई थी, जबकि सौरभ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद मामला डबल मर्डर में बदल गया।


