लुधियाना (द पंजाब प्लस)लुधियाना में डीसी ऑफिस, नगर निगम ऑफिस और रेलवे लाइन को मानव बम से उड़ाने की धमकी भरी मेल आई है। मेल खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से सीधे पुलिस कमिश्नर व सीनियर प्रशासनिक अधिकारियों को भेजी गई।
मेल आने के बाद पुलिस व प्रशासन ने डीसी दफ्तर, नगर निगम दफ्तर में हर आने जाने वाले पर नजर रखनी शुरू कर दी है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की मेल पहले भी आई थी। हालांकि तब भी कुछ नहीं निकला था। फिर भी प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।
जानकारी के अनुसार प्रशासन को 17 जून, 2026 को सुबह करीब 9:34 बजे मेल मिली। ईमेल भेजने वाले ने खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का सदस्य बताया है। ईमेल में बेहद आपत्तिजनक और डराने वाली बातें लिखी गई हैं।
इस ईमेल के बाद लुधियाना मेयर दफ्तर, डीसी कॉम्प्लेक्स और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि यह ईमेल कहां से जनरेट हुआ है और इसके पीछे किसी शरारती तत्व का हाथ है या वाकई कोई बड़ी साजिश रची जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह धमकी भरा ईमेल लुधियाना के उपायुक्त (DC) कार्यालय और नगर निगम के आधिकारिक इनबॉक्स में प्राप्त हुआ। ईमेल भेजने वाले ने दावा किया है कि सरकारी परिसरों के भीतर बम प्लांट किए गए हैं, जो किसी भी समय फट सकते हैं।
धमकी मिलने के तुरंत बाद प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से तुरंत कदम उठाते हुए बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीमों को तैनात कर दिया। टीमों ने डीसी दफ्तर और नगर निगम मुख्यालय के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली। हालांकि, शुरुआती जांच और तलाशी में कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

