चंडीगड़ (द पंजाब प्लस) मशहूर पंजाबी सिंगर और एक्टर परमीश वर्मा को राजस्थान के श्रीगंगानगर में अपने लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान भीड़ के बीच एक छोटा बच्चा रोता हुआ मिला। उस समय परमीश मंच पर परफॉर्म कर रहे थे और भीड़ उनके गानों पर झूम रही थी।
स्टेज पर मौजूद परमीश की नजर जैसे ही उस रोते हुए मासूम बच्चे पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत अपना लाइव गाना और म्यूजिक रोक दिया। अचानक गाना बंद होने से ग्राउंड में सन्नाटा सा पसर गया और किसी को कुछ भी समझ नहीं आया।
इसके बाद सिंगर के सिक्योरिटी गार्ड बच्चे को उठाकर स्टेज पर लाए। परमीश ने मंच से ही बच्चे के माता-पिता के बारे में पूछा तो एक महिला सामने आ गई।
दरअसल बच्चे की मां ने प्रोग्राम में अपनी फोटो खींचने और परमीश वर्मा की लाइव परफॉर्मेंस की REEL बनाने के चक्कर में बच्चे को रैंप पर छोड़ दिया। हालांकि, अपने बच्चे को परमीश की गोद में देखकर उसने तुरंत कहा कि बच्चा उसका है।

