जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर के शाहकोट स्थित संधावाल मंड गांव में घर के बाहर सरेआम नशा बेचने और जुआ खेलने का विरोध करने पर 3 हथियारबंद नकाबपोशों ने दिनदहाड़े अंधाधुंध गोलियां चला दीं। इस हमले में रसोई में काम कर रही परिवार की बेटी गुरजीत कौर के पैर में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। बुजुर्ग महिला बुचान कौर पत्नी जसवंत सिंह ने बताया कि घर के पास रहने वाले कुछ लोग नशा और जुए का अवैध कारोबार करते हैं। जब परिवार ने ऐसा करने से मना किया और रोका तो वे रंजिश पालनी शुरू कर दी।
बुचान कौर के मुताबिक यह लोग पिछले काफी समय से परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। परिवार को अंदाजा नहीं था कि वे इस तरह जानलेवा हमला कर देंगे। आज जब परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, तभी मोटरसाइकिल पर आए तीन हथियारबंद बदमाशों ने गोलियां चलाई।
हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़ों से ढके हुए थे और उनके हाथों में पिस्टल थी। मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों में से दो नौजवान पिस्टल लहराते हुए घर के अंदर घुस गए, जबकि उनका तीसरा साथी बाहर मोटरसाइकिल स्टार्ट करके खड़ा रहा ताकि वारदात के बाद तुरंत भागा जा सके।
इसी दौरान बुचान कौर की बेटी गुरजीत कौर (30 वर्ष, पत्नी कुलवंत सिंह, निवासी गांव रामपुर, शाहकोट) जो कि अपनी मां के घर आई हुई थी, रसोई में काम कर रही थी। बाहर शोर सुनकर वह जैसे ही भागकर आंगन की तरफ आई, घर में घुसे बदमाशों ने उस पर सीधे गोली चला दी। गोली गुरजीत कौर की दाहिनी टांग में लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ी। गनीमत रही कि परिवार के बाकी सदस्य दूसरे कमरों में थे, जिससे वे बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही सब डिविजन शाहकोट के डीएसपी सरवण सिंह बिल्ल, एसएचओ व सब इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह और एएसआई परमजीत कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल से चली हुई गोली का खोल बरामद कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और शाहकोट पुलिस देर रात तक आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी।

