कपूरथला (द पंजाब प्लस) कपूरथला में देर रात कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए कार सवार बदमाशों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जालंधर से लौट रही पुलिस पार्टी पर बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। हालांकि, पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत घेराबंदी की और पीछा करके दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक रिवाल्वर, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की गई है। थाना कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जालंधर देहाती के एएसआई गुरप्रीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 16 और 17 जून की रात वह थाना लोहियां के एसएचओ सुखजिंदर सिंह और वरिष्ठ कांस्टेबल लवदीप सिंह के साथ सरकारी गाड़ी (PB-65-BL-2127) में सवार होकर एनएच अस्पताल जालंधर से वापस लौट रहे थे। रात करीब 12:05 बजे जब वे कपूरथला क्षेत्र में सुल्तानपुर लोधी रोड पर जीओ पेट्रोल पंप के सामने सड़क पार कर रहे थे, तभी एक किआ (KIA) कार (PB-09-AJ-0777) में सवार बदमाशों ने उनकी सरकारी गाड़ी को निशाना बनाते हुए अचानक गोली चला दी।
फायरिंग करने के बाद आरोपी अपनी कार को जियो पेट्रोल पंप की तरफ मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए अपनी गाड़ी से उनका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर आरोपियों की कार को चारों तरफ से घेरकर उन्हें रोक लिया।
पूछताछ के दौरान कार चालक, जो अत्यधिक शराब के नशे में था, पुलिसकर्मियों से उलझ गया और बदतमीजी करने लगा। जब उससे गोली चलाने का कारण पूछा गया तो उसने चौंकाने वाला बयान देते हुए कहा, “मुझे पुलिस पसंद नहीं है, इसलिए सरकारी गाड़ी देखकर मैंने गोली चलाई।” इतना ही नहीं, आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को आगे भी गोली मारने और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रभजोत सिंह (निवासी सैदपुर, थाना तलवंडी चौधरियां) और गुरविंदर सिंह (निवासी टिब्बा, थाना तलवंडी चौधरियां) के रूप में हुई है। आरोपियों के पास पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर की रिवाल्वर, 5 जिंदा कारतूस और 1 खाली खोल बरामद किया है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया गया है।
थाना कोतवाली पुलिस ने एएसआई गुरप्रीत सिंह के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों के पास मौजूद हथियार लाइसेंसी है या अवैध, और क्या उनका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है।

