जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर-कपूरथला रोड पर सर्जिकल कॉम्प्लेक्स के पास स्थित एक फैक्ट्री में सोमवार सुबह आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल गई और धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। आग लगने की सूचना मिलते ही फैक्ट्री मालिक और आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की कई टीमें आग बुझाने में जुट गई हैं। पिछले करीब दो घंटे से दमकल की गाड़ियां आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

सर्जिकल का सामान बनाए जाने की चर्चा
फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मालिकों को दे दी गई है। हालांकि, इस मामले में अभी तक उनकी ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में सर्जिकल सामान का निर्माण किया जाता है।
पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार अभी तक नुकसान का आकलन नहीं किया गया है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।

