जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर के निजातम नगर स्थित वाईए ट्रेडर्स फैक्ट्री में बुधवार तड़के आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हादसे में फैक्ट्री में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। फैक्ट्री में सो रहे एक मजदूर ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मजदूर हरमीत सिंह ने बताया कि वह रोजाना की तरह रात को फैक्ट्री में सो रहा था। तड़के करीब 3 से 3:30 बजे के बीच उसे कमरे के बाहर आग लगने का आभास हुआ। बाहर आकर देखा तो पूरी फैक्ट्री आग की चपेट में थी। हरमीत ने तुरंत फैक्ट्री से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और सूचना फैक्ट्री मालिक व फायर ब्रिगेड को दी।
फैक्ट्री मालिक राहुल ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। हादसे में फैक्ट्री के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, नुकसान का अभी तक सही आकलन नहीं किया गया है।
फायर ब्रिगेड अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि उन्हें सुबह 3:10 बजे कंट्रोल रूम से आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही उनकी टीम दो दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

