जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर के अर्जुन नगर के पास एक 18 वर्षीय युवती की जली हुई लाश मिली है। मृतका की पहचान रागिनी पुत्री किशोरी लाल के रूप मे हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार युवती पिछले करीब 24 घंटे से लापता थी। आज सुबह करीब 10 बजे किसी ने उसके घर के पास वाले प्लाट में युवती का अधजला हुआ शव देखा। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात की सूचना पुलिस को दी गई है।
किशोरी लाल ने बताया कि कल सुबह रोजाना की तरह बच्ची 9 बजे स्कूल गई थी। उसके साथ उसकी अन्य सहेलियां भी थी। दोपहर में जब बच्ची की मां घर आई तो बच्ची घर पर नहीं थी। पीड़ित परिवार ने तुरंत रागिनी की सहेलियों से उसके बारे में पूछा तो पता चला कि स्कूल से वह उनके साथ आई ही नहीं थी। पीड़ित परिवार ने बताया कि बच्ची आदर्श नगर में स्थित एक सरकारी स्कूल में पढ़ती थी। परिवार ने कहा कि वह एक दम से चिंता मुक्त थे, क्योंकि 4-5 लड़कियां एक साथ स्कूल जाती थी।
पीड़ित परिवार ने बताया कि बच्ची जब लापता हुई तो उन्होंने सबसे पहले अपनी रिश्तेदारों के घरों में तलाश शुरू की थी। मगर देर रात तक कुछ नहीं पता चला। जिसके बाद पीड़ित परिवार के रिश्तेदारों ने मंगलवार को सुबह घर के साथ वाले प्लाट में देखा तो बच्ची की जली हुई लाश पड़ी हुई थी। बच्ची को जिंदा जलाने की बात पूरे एरिया में आग की तरह फैल गई। जिसके बाद पीड़ितों के क्वाटर के बाहर लोगों को जमावड़ा लग गया।क्राइम सीन पर जांच के लिए थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस पहुंच गई थी। एडीसीपी हरिंदर सिंह ने बताया कि मामला फिलहाल हत्या का लग रहा है। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।