Basant Panchami 2024: हिंदू धर्म में बसंत पंचमी का खास महत्व है। पंचांग के अनुसार, यह प्रतिवर्ष माघ महीने के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर सेलिब्रेट किया जाता है। इस खास दिन के अवसर पर ज्ञान की देवी मां सरस्वती की पूजा करने का विधान है। साथ ही, हर्ष और उल्लास के इस खास दिन पर लोग पतंग भी उड़ाते हैं। कई जगहों पर तो पतंगबाजी महोत्सव का आयोजन भी किया जाता है। लेकिन, क्या आपको पता है आखिर बसंत पंचमी के दिन पतंग क्यों उड़ाई जाती है? चलिए हम आपको बताते हैं।

बसंत पंचमी के दिन पतंग उड़ाने की परंपरा काफी पुरानी है। बच्चों के अलावा पतंग प्रेमी भी इस दिन पूरे जोश और उत्साह के साथ पतंग उड़ाते नजर आते हैं। दरअसल, बसंत ऋतु के आगमन के साथ फसलों पर भी हरे-पीले फूल खिल जाते हैं। इसी खुशी को लोग पतंग उड़ाकर जाहिर करते हैं। आसान शब्दों में कहे तो पतंगबाजी बसंत ऋतु की शुरुआत की खुशी को मनाने का एक तरीका है।
बसंत पंचमी का त्योहार लगभग राज्य में अपने-अपने तरीके से मनाते हैं। इस खास दिन पर लोग पीले वस्त्र पहन कर मां सरस्वती की विधि अनुसार पूजा करते हैं। स्कूल और कॉलेज जैसे शैक्षणिक स्थानों पर भी इस दिन कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। बसंत ऋतु की शुरुआत और नई फसलों के आगमन को सभी धूम धाम से मनाते हैं।

