लुधियाना (द पंजाब प्लस) लुधियाना लोकसभा सीट से भाजपा के कैंडिडेट रवनीत सिंह बिट्टू आज लुधियाना पहुंचे हैं। बिट्टू का रेलवे स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाकर फूल मालाओं से स्वागत किया। बिट्टू शहर में रोड शो निकालते हुए भाजपा कार्यालय जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। चर्चा है कि इस दौरान वह अपने कई करीबी नेताओं को भी भाजपा में शामिल करवा सकते हैं। रवनीत बिट्टू 26 मार्च को कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। पार्टी में शामिल होने के 2 दिन बाद ही भाजपा ने उन्हें लुधियाना से उम्मीदवार घोषित कर दिया।
भाजपा जॉइन करने के बाद रवनीत बिट्टू ने कहा कि वह शहीद बेअंत सिंह के परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने पंजाब में अंधेरे का समय भी देखा है। उस अंधेरे को कैसे ठीक किया गया, वह भी देखा। आज बड़े विश्वास से कह सकता हूं कि मैंने 10 साल में खुद देखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह को पंजाब से कितना ज्यादा प्यार है। ये दोनों पंजाब के लिए बहुत कुछ करना चाह रहे हैं। बाकी स्टेट कहां से कहां पहुंच गए।
आज पंजाब के किसानों और केन्द्र सरकार के बीच पुल की तरह काम करने की जरूरत है। पंजाब के किसानों, मजदूरों और दुकानदारों को साथ जोड़ना होगा। इंडस्ट्री को भरोसा में लेना होगा। मोदी सरकार में मैंने खुद जनहित के फैसले होते हुए देखे। इसी वजह से मैंने खुद भाजपा में शामिल होने का फैसला लिया।