जालंधर (दीपक पंडित) पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका लगने जा रहा है। कांग्रेस के पूर्व सांसद स्व. संतोख सिंह चौधरी का परिवार आज आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकता है। ये कदम इसलिए लिया जा रहा है, क्योंकि जालंधर से पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी का चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है।
इसी से नाराज होकर फिल्लौर हलके से विधायक बिक्रमजीत सिंह चौधरी ने बीते दिन चन्नी के केक कटिंग का भी विरोध किया था। बिक्रमजीत चौधरी, स्व. सांसद संतोख सिंह के बेटे हैं। उन्होंने कल सोमवार को ही कांग्रेस के चीफ व्हिप से इस्तीफा दे दिया था।
सांसद संतोख का कुछ समय पहले जालंधर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया था।
पूरे पंजाब में सबसे दिलचस्प चुनावी सीट जालंधर बन गई है। क्योंकि शहर की हर पार्टी में बड़े स्तर पर फेरबदल हो रहा है। बता दें कि इससे पहले आप से जालंधर लोकसभा सीट पर टिकट मिलने के बाद भी सुशील कुमार रिंकू ने बीजेपी जॉइन कर ली थी।
चौधरी परिवार 9 साल तक जालंधर लोकसभा सीट पर काबिज रहे। संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद कांग्रेस ने उप चुनाव में कर्मजीत कौर चौधरी को टिकट दी गई थी। जिन्हें कांग्रेस छोड़कर आप में आए रिंकू (अब बीजेपी में) ने हराया था।
इन सभी समीकरणों को देखते हुए पंजाब कांग्रेस के प्रभारी देवेंद्र यादव द्वारा इसे लेकर रिपोर्ट आलाकमान को दी गई थी। इसे लेकर जालंधर लोकसभा सीट पर आलाकमान ने चन्नी ने नाम पर मुहर लगा दी है, बस ऐलान बाकी है। इससे चौधरी परिवार काफी नाराज है। चौधरी परिवार आज सुबह जालंधर से रवाना हो गया था।