जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर लोकसभा सीट पर दोपहर 3 बजे तक कुल 45.66% मतदान हो चुका है। जालंधर पश्चिम विधानसभ क्षेत्र में 48.70% सबसे ज्यादा वोटिंग हुई है। वहीं शाहकोट में सबसे कम 42.65% वोटिंग हुई है।
वहीं जालंधर वेस्ट हलके में कांग्रेस और बीजेपी के नेताओं के बीच धक्का मुक्की हुई है। हालांकि मामले को मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने सुलझा लिया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। इस मामले में थाना-5 के एसएचओ भूषण कुमार ने कहा- मामले में मारपीट जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। मामूली विवाद था, मौके पर सुलझा लिया गया था।
बता दें कि जालंधर के आदमपुर क्षेत्र के मंसूरपुर बटाला गांव में पोलिंग एजेंट पर आप कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जालंधर लोकसभा सीट पर वोटिंग सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। इस सीट पर कुल वोटर 16 लाख 54 हजार 5 वोटर हैं। इनमें आठ लाख 59 हजार 688 पुरुष और सात लाख 94 हजार 273 महिला वोटर हैं।
इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला बताया जा रहा है। मुख्य मुकाबला कांग्रेस के उम्मीदवार पूर्व CM चरणजीत सिंह चन्नी, AAP उम्मीदवार पवन कुमार टीनू और बीजेपी उम्मीदवार सुशील कुमार रिंकू के बीच है। जिले में कुल 1951 पोलिंग बूथ हैं। इसमें 454 संवेदनशील बूथ हैं।
जालंधर लोकसभा सीट पर दोपहर 3 बजे तक कुल मतदान
विधानसभा सीट | वोटिंग प्रतिशत |
आदमपुर | 46.20% |
करतारपुर | 46.00% |
जालंधर उत्तरी | 48.00% |
जालंधर केंद्रीय | 44.50% |
जालंधर कैंट | 44.48% |
जालंधर पश्चिम | 48.70% |
नकोदर | 44.75% |
फिल्लौर | 45.90% |
शाहकोट | 42.56% |
कुल वोटिंग | 45.66% |