चंडीगढ़ (द पंजाब प्लस) लोकसभा चुनाव में पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की हार के कारणों की तलाश पार्टी संगठन ने शुरू कर दी है। सीएम भगवंत मान ने अब हलकावार नेताओं के साथ बैठक करने का फैसला किया है। इसी सिलसिले में आज पटियाला और फिरोजपुर लोकसभा हलकों की बैठक बुलाई गई है।
बैठक सीएम आवास पर तीन बजे होगी। इसमें पार्टी प्रत्याशी, हलके के संगठन सदस्य और चेयरमैन मौजूद रहेंगे। वहीं, इस मौके पर खुफिया रिपोर्ट भी सीएम के साथ मौजूद रहेगी। दोनों हलकों में पार्टी दूसरे नंबर पर रही है। पटियाला लोकसभा हलके से पार्टी ने स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह को मैदान में उतारा था। जबकि फिरोजपुर से विधायक जगदीप सिंह काका बराड़ पार्टी प्रत्याशी थे।
फिरोजपुर सीट पर मुकाबला काफी करीबी रहा है। यह सीट कांग्रेस के खाते में गई थी। कांग्रेस को 266626 वोट मिले थे। जबकि पार्टी को यहां 263384 वोट मिले थे। वहीं, भाजपा तीसरे नंबर पर रही थी। जबकि नोटा को यहां छह हजार वोट मिले हैं। इसी तरह पटियाला में पार्टी दूसरे नंबर पर रही है। यहां कांग्रेस को 305616 वोट मिले हैं। जबकि पार्टी को 290785 वोट मिले हैं। इस हलके में भी नोटा को छह हजार वोट मिले हैं।
सीएम भगवंत मान ने इसलिए भी बैठक करने का फैसला किया है क्योंकि भविष्य में पार्टी को फिर से चुनावी मैदान में उतरना होगा। क्योंकि पंजाब में अभी पंचायत चुनाव होने हैं। जनवरी में पंचायतें भंग कर दी गई थीं। इसी तरह पांच नगर निगमों के चुनाव और पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी संगठन को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। जहां भी कमियां हैं, उन्हें दूर किया जाए। इन बैठकों में उन लोगों को भी शामिल किया जा रहा है। जो कुछ समय पहले ही पार्टी में शामिल हुए हैं।