जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर में काला सिंघा रोड, कोट सदीक के पास महिलाओं ने अपने परिवार के साथ मिलकर रोड जाम कर दिया। महिलाओं ने आरोप लगाया है कि मोहल्ले में पिछले 15 दिनों से पानी नहीं आ रहा है, जिससे लोगों को बहुत परेशान होना पड़ रहा है। आज हार कर उन्हें धरना लगाना पड़ा। कड़ी धूप में बुजुर्ग महिलाओं सहित कई लोग काला सिंघा रोड पर धरना लगाकर बैठ गए । रोड बंद होने से दोनों तरफ की आवाजाही बंद हो गई । महिलाओं ने पानी की बालटियां और रस्सी लगाकर रोड पर पूर्ण रूप से बंद कर दिया था। महिलाएं अपने हाथ में बालटियां लेकर धरने पर बैठी हुई थी।
मोहल्ला वासियों ने कहा- काला सिंघा रोड पर कई कॉलोनियां काटी गई हैं। जिन्हें हमारे हिस्से का पानी दे दिया गया। जिससे पूरा मोहल्ला परेशान है। वहीं, हमारे मोहल्ले के लिए छोटी पाइप लगा दी गई, जिससे पूरे मोहल्ले को पानी नहीं पहुंचता था। मौके पर मौजूद महिलाओं द्वारा धरना स्थल पर जमकर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
काला सिंघा की रहने वाली कांतदेवी कहा- जब वोट लेने थे तो रोज नेता आते थे, मगर अब हम परेशान हैं तो कोई नेता हमारी सुनवाई नहीं कर रहा है। पानी न आने से घरों के सभी काम रुके हुए हैं। जब पानी आता है तो वह गंदा आता है, जिससे पूरा मोहल्ला परेशान है। महिलाओं ने कहा- हमारे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं।

