नई दिल्ली (द पंजाब प्लस) दिल्ली की जल मंत्री आतिशी की तबीयत सोमवार-मंगलवार (24-25 जून) की देर रात बिगड़ गई। AAP नेताओं ने उन्हें LNJP अस्पताल में भर्ती कराया है। आतिशी दिल्ली जल संकट को लेकर 21 जून से जंगपुरा के भोगल में अनशन पर बैठी थीं।
उनकी मांग हरियाणा से 100 mgd पानी भेजे जाने की मांग है। हरियाणा से संधि के तहत 613 mgd पानी भेजना होता है। आतिशी की दावा है कि हरियाणा सरकार केवल 513 mgd पानी ही भेज रहा है। इससे कारण दिल्ली के 28 लाख लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है।
AAP सांसद संजय सिंह ने बताया कि आतिशी का शुगर लेवल 43 तक पहुंच गया है। डॉक्टरों ने कहा है कि उनकी हालत बिगड़ गई है। आतिशी को अस्पताल में एडमिट नहीं किया गया तो हालत और बुरी हो सकती है।
संजय सिंह ने कहा कि आतिशी ने पिछले 5 दिनों से कुछ भी नहीं खाया है। उनका शुगर लेवल गिर गया है, कीटोन बढ़ रहा है और ब्लड प्रेशर कम हो रहा है। वह अपने लिए नहीं लड़ रही हैं, वह दिल्ली के लोगों के लिए, पानी के लिए लड़ रही हैं।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि रात से उनका ब्लड शुगर लेवल गिर रहा था। जब हमने उनका ब्लड सैंपल लिया तो उनका शुगर लेवल 46 निकला। जब हमने पोर्टेबल मशीन से शुगर लेवल चेक किया तो उनका शुगर लेवल 36 आया।
सोमवार (24 जून) को दिन में LNJP के डॉक्टरों की टीम ने बताया था कि आतिशी का वजन 4 दिनों में 2KG से ज्यादा घट गया है। उनका कीटोन लेवल भी बढ़ गया है। डॉक्टरों की रिपोर्ट में कहा गया मरीज (आतिशी) को अस्पताल में भर्ती होने और खाना खाने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।
AAP नेताओं ने कहा कि आतिशी का वजन लगातार कम हो रहा है। 21 जून को भूख हड़ताल पर बैठने से पहले उनका वजन 65.8 KG था, जो भूख हड़ताल के चौथे दिन घटकर 63.6 KG रह गया है। यानी महज 4 दिनों में उनका वजन 2.2 किलोग्राम कम हुआ है।
AAP ने कहा कि भूख हड़ताल के पहले दिन की तुलना में चौथे दिन उनका ब्लड शुगर लेवल 28 यूनिट कम हुआ है। इसके साथ ही उनका ब्लड प्रेशर लेवल भी कम हुआ है। डॉक्टरों ने आतिशी के ब्लड शुगर लेवल, ब्लड प्रेशर और वजन में जिस गति से कमी आई है, उसे खतरनाक बताया था।