चंडीगड़ (द पंजाब प्लस) चंडीगढ़ के प्रशासक और पंजाब के गवर्नर बनवारी लाल पुरोहित आज 8वीं और 10वीं कक्षा के 300 छात्रों को सम्मानित करेंगे। यह सभी छात्र अपनी कक्षा में टॉपर हैं। जिन्हें सरकारी स्कूलों से सिलेक्ट किया गया है। इसमें 225 छात्र पंजाब के हैं जबकि 75 छात्र चंडीगढ़ से हैं। हर साल की तरह इस साल भी छात्रों को सम्मानित किया जा रहा है। इसके लिए आज पंजाब राजभवन में एक समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह के दौरान छात्रों को नगद पुरस्कार और सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित की तरफ से दसवीं कक्षा से चुने गए छात्रों को 10 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। जबकि आठवीं कक्षा से चुने गए छात्रों को 5000 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा गवर्नर का साइन किया हुआ एक सर्टिफिकेट भी बच्चों को मिलेगा। वहीं उनको पूरे राजभवन में घुमाया जाएगा। इस कार्यक्रम को एक एजुकेशन टूर के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए राजभवन में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिन 300 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जा रहा है, उनमें से 247 लड़कियां हैं। पंजाब के 225 छात्रों में से 151 छात्र ग्रामीण इलाके से हैं। 51 छात्र सरहदी जिलों से हैं और 40 छात्र कंडी एरिया के हैं। इनमें से 40 छात्र मेरिटोरियस स्कूलों से संबंधित हैं। इन सभी का चयन सरकार की तरफ से किया गया है।