जालंधर,3 जनवरी (दीपक पंडित) जालंधर देहात पुलिस ने छत्तीसगढ़ से चलाए जा रहे एक साइबर धोखाधड़ी गिरोह के मामले में बड़ा गिरोह पकड़ है। छत्तीसगढ़ के दो लोगों को जालंधर देहात पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। आरोपी दुबई और कंबोडिया से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय साइबर धोखाधड़ी गिरोह का हिस्सा हैं। आरोपियों की पहचान वरिंदर सिंह पुत्र शादी सिंह और अमरिंदर सिंह सैनी पुत्र शिंगारा सिंह निवासी भिलाई, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को जल्द कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
मामले की जांच तब शुरू हुई जब जालंधर देहात के थाना फिल्लौर में एक साथ 9 शिकायतकर्ताओं ने संपर्क किया। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से कहा- उन्हें बैंक खाते खोलने के लिए 2,000 से 3,000 रुपए की पेशकश की गई थी। बाद में इन खातों का दुरुपयोग अवैध वित्तीय लेनदेन के लिए किया गया। जिसमें हवाला संचालन और गेमिंग और बैटिंग एप्लिकेशन के माध्यम से पैसा ट्रांसफर किया गया। पैसा दुबई और कंबोडिया में स्थानांतरित करने से पहले दिल्ली के रास्ते भेजा जाता था।
जालंधर देहात पुलिस के एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख ने कहा- एसपी (इनवेस्टिगेशन) जसरूप कौर बाथ और डीएसपी फिल्लौर सरवन सिंह बल की देखरेख में टीम जांच कर रही थी। फिल्लौर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया और स्पेशन टीम द्वारा जांच आगे बढ़ाई गई।
यह सफलता तब मिली जब शिकायतकर्ता आकाशदीप ने पुलिस को अपने कर्नाटक बैंक खाते से 1.40 करोड़ रुपए के अनधिकृत लेनदेन के बारे में सूचित किया। इसके अलावा, एक अन्य शिकायतकर्ता संजीव ने पुलिस को आरोपी की पहचान करने में मदद करने के लिए एक फर्जी व्यक्ति के रूप में काम किया।