जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर में भाजपा से पार्षद चुनी गई सत्या रानी आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई हैं। सत्या रानी अपने परिवार के साथ आप में शामिल हुईं। वह भाजपा की टिकट पर पार्षद बनी हैं। उनके आप में शामिल होने से आम आदमी पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा छू लिया है। हालांकि चर्चा है कि आम आदमी पार्टी विपक्षी दलों के 2 से 3 और पार्षदों को तोड़ने की कोशिश में है। ताकि एक मजबूत जमीन तैयार की जा सके।
बता दें कि पंजाब में नगर निगम चुनाव के नतीजे घोषित हुए 21 दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी भी नगर निगम का मेयर नहीं चुना जा सका है। आने वाले दिनों में मेयर के नाम की घोषणा की जाएगी। पार्षद विनीत धीर को आम आदमी पार्टी जालंधर का मेयर बनाएगी। बस इसकी घोषणा बाकी है। उनके लिए मजबूत जमीन तैयार की जा रही है।
जिसके चलते आज पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री और जालंधर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से विधायक मोहिंदर भगन ने भाजपा पार्षद सत्या रानी और उनके साथियों को आप में शामिल कराया। सत्या रानी जालंधर कैंट क्षेत्र से थीं। आपको बता दें कि आने वाले दिनों में पार्षद के नाम की घोषणा हाईकमान द्वारा की जाएगी।