लुधियाना (द पंजाब प्लस) बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद को आज लुधियाना कोर्ट में पेश किया जाएगा। दोपहर में लुधियाना की ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (JMIC) रमनप्रीत कौर की कोर्ट सुनवाई करेगी। अभी सोनू सूद लुधियाना नहीं पहुंचे हैं। कोर्ट ने 29 जनवरी को सोनू सूद के गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे। कोर्ट ने मुंबई अंधेरी वेस्ट के ओशिवरा थाने के SHO को सोनू को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के आदेश दिए थे।
दरअसल, लुधियाना में मल्टीलेवल मार्केटिंग कंपनी के खिलाफ फ्रॉड का केस दर्ज हुआ है। इस कंपनी ने सोनू सूद को ब्रांड एंबेसडर बना रखा था। कोर्ट ने सोनू सूद को गवाही के लिए समन भेजा था लेकिन वह पेश नहीं हुए। सोनू सूद मूल रूप से पंजाब के मोगा के रहने वाले हैं। हालांकि, अब वह मुंबई में रहते हैं।
इससे पहले हरियाणा के सोनीपत में भी बॉलीवुड स्टार श्रेयस तलपड़े और आलोकनाथ पर FIR दर्ज हो चुकी है। जिसमें भी सोनू सूद का नाम आया था कि वे कंपनी के चीफ गेस्ट बनकर आए थे। हालांकि, FIR के आरोपियों में सोनू सूद का नाम नहीं था।