उत्तराखंड (द पंजाब प्लस) उत्तराखंड के चमोली में शुक्रवार सुबह 8 बजे एवलांच की वजह से 57 मजदूर बर्फ में दब गए। घटना चमोली के माणा गांव में हुई। बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) की टीम चमोली-बद्रीनाथ हाईवे पर बर्फ हटाने का काम कर रही थी। उसी दौरान बर्फ का पहाड़ टूटा और मजदूर दब गए।
अब तक 16 मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। 41 को निकालने का काम जारी है। NDRF, SDRF, ITBP और BRO की टीमें मौके पर हैं। मौसम विभाग ने 28 फरवरी की देर रात तक उत्तराखंड में भारी बारिश (20 CM तक) का अलर्ट जारी किया है।
चमोली के DM संदीप तिवारी ने बताया कि घटनास्थल पर लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है, इसलिए हम हेलिकॉप्टर नहीं भेज पा रहे हैं। आवाजाही मुश्किल है। सैटेलाइट फोन उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए हम उनसे बातचीत भी नहीं कर पा रहे हैं। किसी के हताहत होने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।
SDRF की IG रिधिमा अग्रवाल ने BRO कमांडेंट के हवाले से बताया कि घटना बद्रीनाथ धाम के पास की है। SDRF की एक टीम जोशीमठ से रवाना हो चुकी है। लामबगड़ में सड़क ब्लॉक है। सेना उसे खोलने में लगी हुई है। दूसरी टीम को सहस्रधारा हेलीपैड पर अलर्ट पर रखा गया है। SDRF की ड्रोन टीम भी अलर्ट पर है। घायलों सेना अस्पताल माणा में भर्ती किया गया है।