लुधियाना (द पंजाब प्लस) लुधियाना में बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जोधेवाल पुलिस ने दो फैक्ट्री मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उनकी फैक्ट्रियों में नाबालिग बच्चों से काम करवाया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान कुल 19 बच्चों को रेस्क्यू किया गया। शिकायतकर्ता रीतू, निवासी फकीर चंद वाली गली, किला रोड, बठिंडा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह बचपन बचाओ संस्था में प्रोजेक्ट अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
12 जून 2026 को उन्होंने अपनी टीम के साथ गिल नहर क्षेत्र स्थित न्यू लाइज्ड इंटरप्राइजेज फैक्ट्री में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वहां से 17 नाबालिग बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराया गया। इसके बाद टीम ने मुक्त होजरी वर्क्स में भी जांच की, जहां से दो और नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया गया।
सभी 19 बच्चों को आगे की कानूनी प्रक्रिया और देखभाल के लिए चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) कार्यालय, गिल नहर ले जाया गया। शिकायत के आधार पर थाना जोधेवाल पुलिस ने न्यू लाइज्ड इंटरप्राइजेज के मालिक और मुक्त होजरी वर्क्स के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 की धारा 3 और 14 तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 और 79 के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

