लुधियाना (द पंजाब प्लस) पंजाब के सबसे महंगे टोल प्लाजा में शुमार लाडोवाल टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहन चालकों को अब और चार्ज देना होगा। लगभग 4 महीने के भीतर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक बार फिर टोल की दरों में बढ़ोतरी कर दी है।
नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। इस फैसले के बाद लाडोवाल टोल प्लाजा पर अब कार ड्राइवर्स को 225 की जगह 235 रुपए देने होंगे। इसी तरह सभी वाहनों के रेट बढ़ाए गए हैं।
एक अप्रैल 2026 को कार-जीप के टोल रेट में 5 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई थी और अब फिर 10 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई है। सिंगल जर्नी के लिए अलग-अलग श्रेणियों में 10 रुपए से लेकर 60 रुपए तक की सीधी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
किस वाहन के लिए कितनी जेब होगी ढीली, जानिए …
- लाइट मोटर व्हीकल: अब कार, जीप, वैन या लाइट मोटर व्हीकल ड्राइवर्स को सिंगल जर्नी के लिए 1 अप्रैल को तय किए गए 225 रुपए की जगह 235 रुपए देने होंगे, यानी सीधे 10 रुपए की बढ़ोतरी। वहीं, अगर कोई चालक 24 घंटे के भीतर रिटर्न जर्नी करता है, तो उसे अब 350 रुपए का भुगतान करना होगा।
- छोटे कमर्शियल वाहनों और मिनी बस: छोटे कमिर्शयल वाहनों व मिनी बसों के लिए सिंगल जर्नी का रेट 365 रुपए से बढ़ाकर 380 रुपए यानी15 रुपए कर दिया गया है, जबकि इनकी रिटर्न जर्नी के लिए अब 570 रुपए तय किए गए हैं। स्थानीय परिवहन और लॉजिस्टिक्स में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दो एक्सल वाले बस और ट्रक के लिए दरें 765 रुपए से बढ़ाकर 795 रुपए यानी 30 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई हैं, और इनकी रिटर्न जर्नी के लिए भारी-भरकम 1,190 रुपए चुकाने होंगे।
- बड़े वाहनों के लिए: थ्री-एक्सल कमर्शियल वाहनों के लिए सिंगल जर्नी का रेट 830 रुपए से बढ़ाकर 865 रुपए यानी 35 रुपए की बढ़ोतरी और रिटर्न के लिए 1,300 रुपए तय हुआ है। भारी निर्माण मशीनरी और मल्टी-एक्सल वाहनों के लिए अब चालकों को 1,195 रुपए की जगह 1,245 रुपए यानी 50 रुपए की बढ़ोतरी देने होंगे, जिसका रिटर्न टिकट 1,865 रुपए का होगा। सबसे बड़ी बढ़ोतरी ओवरसाइज्ड व्हीकल (7 या अधिक एक्सल वाले बड़े ट्रकों) में देखी गई है, जहां सिंगल जर्नी का रेट 1,455 रुपए से बढ़कर अब 1,515 रुपए यानि 60 रुपए की बढ़ोतरी हो गई। इसकी रिटर्न जर्नी के लिए 2,270 रुपए का भारी भुगतान करना होगा।
स्थानीय निवासियों-लोकल कमर्शियल वाहनों को राहत
इस चौतरफा बढ़ोतरी के बीच राहत की बात केवल इतनी है कि टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय गैर-कमर्शियल वाहन मालिकों के लिए मासिक पास की दर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। स्थानीय निवासियों के लिए यह पास 360 रुपए पर ही स्थिर रखा गया है। इसके अलावा, लुधियाना में रजिस्टर्ड कमर्शियल वाहनों के लिए भी थोड़ी सहूलियत देते हुए टोल दरों का दायरा 115 रुपए से 755 रुपए के बीच सीमित रखा गया है।

