चंडीगड़ (द पंजाब प्लस) पंजाब सरकार की आज (सोमवार) को कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। इसे काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में उद्योगपतियों के लिए वन टाइम सेटलमेंट स्कीम लाने संबंधी प्रस्ताव लाया जाएगा। इसके साथ ही यह संभावना है कि पंजाब विधानसभा सत्र की तारीखों का ऐलान भी आज किया जाएगा। 19 दिनों में कैबिनेट की तीसरी बैठक है।
बैठक सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री भगवंत मान के सरकारी आवास पर शुरू होगी। माना जा रहा है कि सरकार इस बैठक में भी आम जनता के लिए कुछ बड़ी राहत दे सकती है। पिछली कैबिनेट बैठक में भी आम लोगों को ध्यान में रखकर कई बड़े फैसले लिए गए थे। दिल्ली चुनाव के बाद सरकार की कार्यशैली में भी बदलाव आया है।
सरकार की कोशिश यही है कि सीधे जनता से जुड़ा जाए। पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल भी स्पष्ट कर चुके हैं कि उन्हें जनता के बीच रहना है और उनके सुख-दुख में शामिल होना है, ताकि जनता का विश्वास जीता जा सके। इसके लिए वे लगातार पार्टी नेताओं से बैठकें कर पंजाब को लेकर फीडबैक ले रहे हैं।