पाकिस्तान (द पंजाब प्लस) पाकिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने मंगलवार को जाफर एक्सप्रेस पर हमला कर उसे हाईजैक कर लिया। अब करीब 24 घंटे बाद सेना के ऑपरेशन में 16 विद्रोहियों को मारा जा चुका है।
दरअसल क्वेटा से पेशावर जा रही इस ट्रेन में करीब 500 लोग सवार थे। इन पैसेंजर्स में पाकिस्तानी सैनिक और पुलिसवाले शामिल थे। BLA ने इन पैसेंजर्स में से 214 को बंधक बना लिया, जबकि 30 पाकिस्तानी सैनिकों की हत्या कर दी।
न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक सिक्योरिटी फोर्सेज ने 104 बंधकों को रिहा करा लिया है। इनमें 58 पुरुष, 31 महिलाएं और 15 बच्चे शामिल हैं। बाकी की रिहाई के लिए ऑपरेशन जारी है।
BLA ने बंधक बनाए गए पैसेंजर्स को युद्धबंदी कहा है, और इनके बदले पाकिस्तान की जेल में बंद बलूच कार्यकर्ताओं, राजनैतिक कैदियों, गायब लोगों, लड़ाकों और अलगाववादी नेताओं की बिना शर्त रिहाई की मांग की है।

इसके लिए BLA ने मंगलवार रात 10 बजे पाकिस्तान सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। BLA का कहना है कि यह फैसला बदलेगा नहीं।
जाफर एक्सप्रेस सुबह 9 बजे क्वेटा से पेशावर के लिए चली थी। इसके सिबि पहुंचने का टाइम 1.30 बजे था। इसके पहले ही दोपहर करीब 1 बजे बलूचिस्तान के बोलान जिले के माशकाफ इलाके में हमला हुआ। रात 10 बजे 8 घंटे बाद तक भी ट्रेन पूरी तरह BLA के लड़ाकों के नियंत्रण में है।
पिछले साल 25 और 26 अगस्त 2024 की दरमियानी रात BLA ने इस ट्रेन के रूट में कोलपुर और माच के बीच एक ब्रिज को उड़ा दिया था। इसके चलते ट्रेन की सर्विस रोक दी गई थी। 11 अक्टूबर 2024 से ट्रेन सर्विस फिर से शुरू हो गई थी।