उत्तराखंड (द पंजाब प्लस) उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का कहर लगातार जारी है। पहाड़ों में मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में दुर्घटनाग्रस्त हुई एक बस का अब तक मलबा नहीं मिल पाया है। हादसे के बाद से लापता 8 लोगों की तलाश जारी है, लेकिन तेज बहाव और मटमैले पानी की वजह से राहत एवं बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।
गोताखोरों के अनुसार, नदी में तेज धार और गंदे पानी की वजह से अंदर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। लिहाज़ा सर्च ऑपरेशन में तेजी लाना मुश्किल हो रहा है। इस बीच चमोली पुलिस ने बताया कि बद्रीनाथ नेशनल हाईवे नंदप्रयाग और भनेरपानी के पास बंद है, जिसे खोलने के प्रयास जारी हैं।
𝐑𝐨𝐚𝐝 𝐔𝐩𝐝𝐚𝐭𝐞
बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग नन्दप्रयाग व भनेरपानी के पास अवरुद्ध है मार्ग खुलवाने का कार्य जारी है। pic.twitter.com/h1a3TFWz3g
— Chamoli Police Uttarakhand (@chamolipolice) June 28, 2025
चारधाम यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई जिलों में अगले तीन से चार दिनों तक लगातार भारी बारिश का अनुमान जताया है। देहरादून, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। चमोली, टिहरी, पौड़ी, चम्पावत और पिथौरागढ़ जिलों में भूस्खलन और सड़क बंद होने का खतरा बढ़ गया है।
नैनीताल के कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसको देखते हुए प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर निकले यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
समय से पहले पहुंचा मानसून, बारिश सामान्य से ज्यादा
इस बार मानसून उत्तराखंड में 21 जून को ही दस्तक दे चुका है, जो सामान्य समय से पहले है। मानसून ने कुमाऊं के रास्ते राज्य में प्रवेश किया और अब पूरे प्रदेश में सक्रिय है। हरिद्वार के कुछ हिस्सों को छोड़कर राज्य के बाकी इलाकों में लगातार झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल सामान्य से 10-15% अधिक बारिश होने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में भी भारी तबाही, कांगड़ा और कुल्लू में सर्च ऑपरेशन
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में बुधवार को भारी बारिश के चलते अचानक बाढ़ आ गई थी, जिसमें कई लोग फंस गए थे। अब तक 6 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लोगों की तलाश जारी है। कुल्लू जिले के रेहला बिहाल में बादल फटने की घटना सामने आई है, जिसमें तीन लोग लापता हैं।
राज्य प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम राहत कार्यों में जुटी हुई हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान हिमाचल, उत्तराखंड समेत 14 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

