चंडीगड़ (द पंजाब प्लस) जीरकपुर में बलात्कार के मामले में उम्रकैद की सजा भुगत रहे पास्टर बजिंदर सिंह की बैरक से मोबाइल फोन और नकदी मिलने के बाद पंजाब सरकार ने सख्त कदम उठाया है। मानसा जेल में बंद बजिंदर की बैरक से ये सामान बरामद होने के बाद पंजाब सरकार ने जेल सुपरिटेंडेंट इकबाल बराड़ को निलंबित कर दिया है।
पिछले कुछ समय से पंजाब की जेलों में मोबाइल फोन मिलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सरकार ने साफ किया है कि जेलों में इस तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मानसा जिला जेल में एआईजी जेल पंजाब राजीव कुमार अरोड़ा के नेतृत्व में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान उम्रकैद की सजा काट रहे पास्टर बजिंदर सिंह के पास से टच मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई।
इस बरामदगी के बाद डीएसपी बूटा सिंह ने जानकारी दी कि चेकिंग के दौरान पास्टर के पास से ये सामान मिला। जेल की सहायक सुपरिटेंडेंट अनु मलिक ने तुरंत थाना सदर पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पादरी के खिलाफ एक नई एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पंजाब सरकार पहले ही मानसा जेल के सुपरिटेंडेंट इकबाल बराड़ को निलंबित कर चुकी है।

