जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर में स्थानीय राजनीति में एक बड़ा उलटफेर करते हुए मनमोहन गौतम शर्मा ने शिरोमणि अकाली दल छोड़कर दोबारा कांग्रेस पार्टी में वापसी कर ली है। वे आगामी नगर कौंसिल चुनावों में नूरमहल के वार्ड नंबर 6 से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। उनकी इस घर वापसी से स्थानीय कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और नेताओं में काफी खुशी का माहौल है।
नकोदर (नूरमहल) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हल्का इंचार्ज डॉ. नवजोत सिंह दाहिया ने नूरमहल की स्थानीय कांग्रेस लीडरशिप की मौजूदगी में मनमोहन गौतम शर्मा और बवन कुमार उर्फ बब्बू गिल को सिरोपा (सम्मान का प्रतीक) पहनाकर औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल किया।
इस मौके पर डॉ. दाहिया ने बताया कि गौतम शर्मा का परिवार लंबे समय से राजनीति में सक्रिय है। उनके बड़े भाई नूरमहल नगर कौंसिल के प्रधान के रूप में लोगों की सेवा कर चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि गौतम शर्मा के आने से कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी और पूरी पार्टी एकजुट होकर नगर कौंसिल चुनावों में बड़ी जीत हासिल करेगी।

