चंडीगड़ (द पंजाब प्लस) पंजाब में आज (22 मई) से जान के लिए खतरा और खुंखार लावारिस कुत्तों को पकड़ने के लिए मुहिम चलेगी। CM भगवंत मान ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए एक्स पर पोस्ट कर मुहिम चलाने की जानकारी दी। सीएम मान ने लिखा पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार माननीय सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करती है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर पंजाब सरकार बच्चों और राहगीरों की जान के लिए खतरा बने लावारिस और जानलेवा कुत्तों को खत्म करने के लिए एक बड़ी मुहिम शुरू करने जा रही है। इससे पहले 10 मार्च 2026 को पंजाब -चंडीगढ़ मानवाधिकार आयोग ने इस मामले सुओ मोटो लेकर पंजाब के नगर निगम कमिश्नरों और स्वास्थ्य विभाग से कुत्तों को काटने के केसों के संबंध में रिपोर्ट मांगी थी।
कुत्तों के आंकड़ों पर आयोग ने कहा था कि 3.34 लाख डॉग बाइट के मामले चौंकाने वाले हैं। लावारिस कुत्ते सार्वजनिक सुरक्षा के लिए बड़ी चिंता बन गए हैं। बता दें कि पंजाब में 2025 में डॉग बाइट के 3.34 लाख मामले रिपोर्ट हुए थे जबकि 2026 में अब तक 50 हजार से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
पंजाब -चंडीगढ़ मानवाधिकार आयोग के चेयरपर्सन जस्टिस संत प्रकाश और सदस्य जस्टिस गुरबीर सिंह पर आधारित आयोग ने जालंधर, लुधियाना, पटियाला और संगरूर के नगर निगम कमिश्नरों सहित निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग पंजाब को नोटिस जारी कर कुत्तों के काटने के मामलों की रिपोर्ट पेश करने को कहा था।
आयोग ने कहा था कि 2025 के 3.34 लाख मामलों में ही अगर पीड़ितों को मुआवजा दिया जाता है तो सूबा सरकार पर 2 हजार करोड़ रुपए से अधिक का वित्तीय बोझ पड़ेगा। अकेले संगरूर जिले में ही नगर कौंसिल को 10 करोड़ रुपए का खर्च उठाना पड़ सकता है।


