जालंधर (दीपक पंडित) जालंधर में सोढल मंदिर के पास स्थित सिद्ध महल्ला में एक घर में अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन सारा सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक घर में पिछले कुछ दिनों से लकड़ी का काम चल रहा था। काम के चलते घर का सारा कीमती सामान और गद्दे एक ही कमरे में इकट्ठा करके रखे गए थे। इसी दौरान घर के एक छोटे बच्चे ने खेल-खेल में माचिस की तीली जला दी।
बच्चे द्वारा जलाई गई माचिस की तीली सीधे बिस्तर पर जा गिरी, जिससे गद्दों ने तुरंत आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि कमरे में रखा लकड़ी का काम और बाकी सारा सामान भी इसकी चपेट में आ गया।
घर से धुआं और तेज लपटें उठती देख परिवार के लोगों और आसपास के मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी और खुद भी आग बुझाने के प्रयासों में जुट गए।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटर्स ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया और इसे आस-पास के घरों में फैलने से रोका। हालांकि, तब तक कमरे में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

