जालंधर (दीपक पंडित) पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के इकलौते सांसद सुशील कुमार रिंकू आज सीएम भगवंत सिंह मान से मिलेंगे। रिंकू के बीजेपी में जाने की अटकलों के बीच चंडीगढ़ स्थित सीएम आवास में इस मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने जालंधर लोकसभा सीट से सुशील कुमार रिंकू को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। बैठक में सांसद रिंकू चुनावी रणनीति पर सीएम मान के साथ चर्चा करेंगे।
सांसद सुशील रिंकू से जब बीजेपी में शामिल होने की चर्चा पर बात की गई तो उन्होंने उसे गलत बताया था। रिंकू ने कहा था कि बीते दिन वह अपने परिवार के साथ उत्तर प्रदेश के अयोध्या और वाराणसी के कबीर धाम में पूजा-अर्चना के लिए आए थे। वह किसी भी पार्टी में शामिल नहीं हो रहे। रिंकू ने कहा था कि वह अभी भी आम आदमी पार्टी के सदस्य हैं और यहीं उनकी वफादारी है। वफादार ही रहेंगे।
शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के जालंधर से सांसद सुशील रिंकू और जालंधर वेस्ट से विधायक शीतल अंगुराल के भाजपा में शामिल होने की अफवाह फैली थी। जिसके बाद जालंधर में राजनीति काफी गरमा गई थी। मगर दोनों नेताओं ने किसी भी मीडिया ग्रुप के साथ कोई बातचीत नहीं की थी। इसे लेकर कुछ बड़े मीडिया संस्थानों ने भी दोनों के बीजेपी में शामिल होने की जानकारी सांझा की थी।
कांग्रेस के पूर्व विधायक और मौजूदा आप सांसद सुशील कुमार रिंकू उप-चुनाव के दौरान आप में शामिल हुए थे। आप ने रिंकू को जालंधर सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया था। जिसमें रिंकू ने जीत दर्ज की थी। इस बार भी रिंकू को आप ने जालंधर सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। मगर कांग्रेस द्वारा जालंधर में पूर्व सीएम चन्नी को उम्मीदवार घोषित किया जाना था। जिसके चलते रिंकू के लिए जालंधर से चुनाव जीतना मुश्किल होगा।

