नई दिल्ली (द पंजाब प्लस) देश की राजधानी दिल्ली में आज सुबह झमाझम बारिश से कई जगहों पर जलभराव हो गया। दिल्ली की कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने बारिश के बाद स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को इमरजेंसी कंट्रोल रूम बनाने और जलभराव की समस्या को दूर करने के आदेश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्टेटिक पंप लगाए जाएं। इमरजेंसी मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए एलजी सक्सेना ने छुट्टी पर गए सभी वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उपराज्यपाल ने अगले 2 महीने तक अधिकारियों की छट्टियां भी कैंसिल कर दी हैं।उन्होंने कहा कि अगले 2 महीने तक किसी को छुट्टी मनाने की जरूरत नहीं है। उपराज्यपाल ऑफिस के मुताबिक एलजी सक्सेना ने राष्ट्रीय राजधानी में तैयारियों की कमी और इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम की कमी पर भी फोकस किया। इस मीटिंग में दिल्ली जल बोर्ड, लोक निर्माण विभाग, दिल्ली नगर निगम, दिल्ली विकास प्राधिकरण, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली पुलिस जैसे नागरिक निकायों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।