मोगा (द पंजाब प्लस) पंजाब के मोगा में आज संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) की महापंचायत की गई। इसमें फैसला लिया गया है कि सभी किसान संगठन शंभू और खनौरी बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन का सहयोग एकजुटता के साथ करेंगे। इसके लिए महापंचायत में प्रस्ताव पेश किया गया, जिस पर सभी यूनियनों के नेताओं ने सहमति जताई।
ऐसा पहली बार होगा, जब इस किसान आंदोलन में SKM और इसमें शामिल किसान यूनियनें शामिल होंगी। इससे पहले करीब 11 महीने से केवल जगजीत सिंह डल्लेवाल का संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और सरवण सिंह पंधेर का किसान मजदूर मोर्चा ही शंभू और खनौरी पर मोर्चा संभाले हुए है।
वहीं, कल (शुक्रवार) 101 किसानों का जत्था 6 मेंबरी कमेटी के साथ खनौरी मोर्चे पर जाएगा। वहां मोर्चे के नेताओं के सामने महापंचायत में पास किया गया प्रस्ताव रखा जाएगा। वहां भी प्रस्ताव पर सहमति ली जाएगी। इसके बाद 15 जनवरी को एकजुटता के लिए पटियाला में मीटिंग की जाएगी। इसमें संघर्ष को लेकर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।