जालंधर,11 जनवरी (दीपक पंडित) जालंधर नगर निगम चुनाव के नतीजों के बाद आज जालंधर को अपना नया मेयर मिल गया है। आम आदमी पार्टी को कुल 46 पार्षदों का समर्थन मिला। जिसके बाद आम आदमी पार्टी ने जालंधर नगर निगम में अपना मेयर बना लिया है। वार्ड नंबर 62 से पार्षद विनीत धीर को शहर का मेयर बनाने का मौका दिया गया है।
सीएम मान ने ट्वीट कर इसकी जानकारी साझा की है। वहीं, इस बार सीनियर डिप्टी मेयर की नियुक्ति की गई है। सीनियर डिप्टी मेयर के तौर पर बलबीर सिंह बिट्टू को जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही वार्ड नंबर 38 से पार्षद मलकीत सिंह को डिप्टी मेयर बनाया गया है। हाउस की मीटिंग में तीनों नेताओं पर सहमति बन गई है।