जालंधर (दीपक पंडित) पंजाब के जालंधर में आज सुबह पुलिस और हरियाणा के बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें बदमाश को गोली लगी। उसने यूट्यूबर नवदीप सिंह संधू उर्फ रोजर संधू के घर ग्रेनेड हमला किया था। इसके बाद जालंधर पुलिस ने उसे यमुनानगर से गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस उसे वेपन रिकवरी के लिए ले गई थी। यहां उसने पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की। इसके चलते पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें बदमाश को गोली लगी। बदमाश हार्दिक (21) यमुनानगर के शादीपुर गांव का रहने वाला है। वह लॉरेंस गैंग का गुर्गा है।
एनकाउंटर राजयपुर बल्लां के पास किया गया। इस जगह से कुछ ही दूरी पर इन्फ्लुएंसर का घर है, जहां पर वारदात को अंजाम दिया गया था। क्राइम सीन पर जालंधर देहात पुलिस के एसएसपी गुरमीत सिंह सहित अन्य अधिकारी पहुंचे। पुलिस बदमाश से हथियार और ग्रेनेड बरामद करवाने में जुटी हुई है।
जालंधर देहात पुलिस के एसएसपी गुरमीत सिंह ने बताया कि कल देर शाम हमारी टीमों ने यमुनानगर के पास से हार्दिक को गिरफ्तार किया था। यमुनानगर में हुई पूछताछ में आरोपी ने माना कि उसने ही ग्रेनेड फेंका था। आज सुबह जब उसे हथियारों की रिकवरी के लिए लेकर आए तो उसने वेपन हाथ में लेते ही पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जब पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो आरोपी जख्मी हो गया। आरोपी के राइट टांग पर गोली लगी है। दो गोलियां चलाई गई, जिसमें एक गोली बदमाश ने चलाई तो दूसरी गोली पुलिस ने।