चंडीगढ़ (द पंजाब प्लस) पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की सोशल मीडिया पर वायरल हुई कथित ऑडियो क्लिप को लेकर राज्य अनुसूचित जाति आयोग (एससी) ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने मामले में स्वतः संज्ञान (सुओ-मोटो) लेते हुए श्री मुक्तसर साहिब के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को 29 मई को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के निर्देश दिए हैं।
आयोग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई ऑडियो क्लिप, जिसमें कथित तौर पर एक हजार में ढेड़, 2 हजार में भेड़ जैसी टिप्पणी सुनाई दे रही है, को गंभीरता से लिया गया है। यह कार्रवाई सामाजिक सुरक्षा और सामाजिक न्याय मंत्री बलजीत कौर की ओर से भेजे गए संदेश के आधार पर की गई है।
आयोग ने मांगी फोरेंसिक जांच रिपोर्ट
पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग एक्ट-2004 की धारा 10 के तहत मामले की जांच शुरू करने का फैसला लिया है। आयोग ने पुलिस से ऑडियो सैंपल की फोरेंसिक जांच करवाने और पूरी तथ्यात्मक रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
नोटिस के अनुसार, एसपी (हेडक्वार्टर) को 29 मई सुबह 9 बजे आयोग कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जांच रिपोर्ट, फोरेंसिक कार्रवाई की स्थिति और मामले से जुड़े सभी तथ्य पेश करने होंगे।
सिविल कोर्ट जैसी कार्रवाई की चेतावनी
आयोग ने साफ किया है कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो आयोग एक्ट-2004 की धारा 10 (1) के तहत सिविल अदालत जैसी शक्तियों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
आयोग ने साफ किया है कि यदि निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो आयोग एक्ट-2004 की धारा 10 (1) के तहत सिविल अदालत जैसी शक्तियों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि यह कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी। इसके बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विवाद खड़ा हो गया। अनुसूचित जाति समुदाय से जुड़े संगठनों ने भी मामले पर आपत्ति जताई थी।
फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां ऑडियो की सत्यता और आवाज के मिलान की जांच में जुटी हुई हैं।

