चंडीगड़ (द पंजाब प्लस) किसान आंदोलन का आज (17 फरवरी) को पांचवां दिन है। पंजाब के किसान दिल्ली जाने की जिद को लेकर शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। इस आंदोलन के दौरान हार्ट अटैक से एक किसान और दम घुटने से एक सब इंस्पेक्टर की मौत हो चुकी है।
पंजाब का बड़ा किसान संगठन BKU (उगराहां) भी आंदोलन में आ गया है। आज से 2 दिन के लिए वे पंजाब के सभी टोल फ्री कराएंगे। इसके अलावा पंजाब भाजपा नेता पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ और केवल ढिल्लो के घर का घेराव करेंगे। हरियाणा में BKU (चढ़ूनी) तहसीलों में ट्रैक्टर मार्च निकालेगी।किसानों का आंदोलन खत्म करवाने के लिए कल रविवार (18 फरवरी) चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्रियों और किसान नेताओं के बीच चौथी वार्ता होगी। तीन वार्ता बेनतीजा रहीं।
पंधेर ने कहा कि हमें धान व गेहूं पर एमएसपी मिल रही है। सरकार बताए कि इसका असर महंगाई पर कैसे पड़ा?। जिन फसलों की सरकार खरीद करती है, उनका रेट कम है। जिन फसलों की सरकार खरीद नहीं करती, उनके दाम ज्यादा हैं।जो ये कहा जा रहा है कि जो किसानों की मांगें हैं, उससे देश की बड़ी पूंजी किसानों पर लग जाएगी। ये भ्रमित करने वाली बात है।
बहुत सी कैलकुलेशन सामने आ चुकी हैं। अगर हम 23 फसलों की भी बात करें तो उन पर 36 हजार करोड़ से चल सकता है। एक कैलकुलेशन ये बोल रही है कि दो-ढ़ाई लाख करोड़ से घाटा पूरा हो सकता है।सरकार जो खरीदेगी, वे बेचेगी भी। सर्कुलेशन शुरू हो जाएगा। पहले एक-दो साल पैसे अधिक लग सकते हैं, लेकिन अगले साल से ऐसा नहीं होगा।